
3.35 करोड़ की लूट के आरोपियों का यूपी में शॉर्ट एनकाउंटर
पैर में लगी गोली, बिलासपुर के सराफा कारोबारी से सोना-नकदी लूटकर हुए थे फरार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3 करोड़ 35 लाख रुपये की लूट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार बदमाशों को उत्तर प्रदेश में ट्रेस कर छत्तीसगढ़ पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शॉर्ट एनकाउंटर किया, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
2 किलो सोना और लाखों की नकदी लूटी
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने सराफा कारोबारी से करीब 2 किलो सोना और 3 लाख 50 हजार रुपये नकद सहित कुल 3.35 करोड़ रुपये का माल लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राज्य से फरार हो गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची, जहां आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
आज होगा मामले का खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले का विस्तृत खुलासा आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और लूटे गए माल की बरामदगी की कार्रवाई भी की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके के व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



