
22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
कोरबा में दर्दनाक घटना, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अमरिया पारा बस्ती में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। मामले ने गंभीर रूप ले लिया है क्योंकि मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर निरंतर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

नौ महीने पहले किया था प्रेम विवाह
मृतका की पहचान मधु सूर्यवंशी (22 वर्ष) निवासी खोखरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। मधु ने नौ महीने पहले अरुण कोसले, निवासी अमरिया पारा, कोरबा से प्रेम विवाह किया था।
शादी के बाद से ही वह ससुराल में रह रही थी और मायके नहीं गई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से मधु मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान रहती थी।
मायके पक्ष का गंभीर आरोप
मधु के परिवार ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। परिवार ने मामले में न्याय की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
मानिकपुर चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है, लेकिन प्रताड़ना के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामला संवेदनशील माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



