
2027 तक 5 लाख घरों को PM सूर्यघर योजना का लाभ
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत मार्च 2027 तक प्रदेश के 5 लाख घरों की छतों पर सौर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में आयोजित 97वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस “फोरम ऑफ रेगुलेटर्स” में इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में 1 लाख 30 हजार घरों पर सौर पैनल लगाने का लक्ष्य था, जिसे अब बढ़ाकर पांच लाख तक किया जा रहा है।

इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 1 किलोवॉट से 3 किलोवॉट क्षमता तक के सौर संयंत्र लगाने पर ₹30,000 से ₹78,000 तक की केंद्र सरकार द्वारा सहायता सीधे बैंक खाते में दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ सरकार भी अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान करती है, जिससे कुल लागत का 75 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलती है। यह योजना न केवल बिजली बिल में बचत करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा भी देती है।
छत्तीसगढ़ विद्युत उत्पादन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में है, जहां विद्युत उत्पादन क्षमता लगभग 30,000 मेगावाट पर पहुंच चुकी है। राज्य सरकार ने 32,000 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली परियोजनाओं के लिए एमओयू किए हैं, जिनमें ताप विद्युत, पंप स्टोरेज, परमाणु, बैटरी स्टोरेज और सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं। इसका लक्ष्य 2030 तक 60 हजार मेगावाट से अधिक उत्पादन क्षमता हासिल करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति बिजली खपत 2,211 यूनिट है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। छत्तीसगढ़ न केवल अपनी जरूरत पूरी कर रहा है, बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी बिजली प्रदान करता है।

सौर ऊर्जा नीति को औद्योगिक क्षेत्र में भी बढ़ावा दिया जा रहा है और 2030 तक इसके प्रभावी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक संशोधन भी मंजूर किए गए हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



