
20 लाख की लूट पर टीएस सिंहदेव का सरकार पर हमला, बोले– कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
रायपुर/अंबिकापुर। अंबिकापुर में व्यापारी से 20 लाख रुपये की लूट की वारदात को लेकर कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ढह चुकी है और अपराधियों में पुलिस-प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है।
बीच शहर में जानलेवा हमला, बदमाश फरार
टीएस सिंहदेव ने बताया कि अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यापारी पर जानलेवा हमला कर बदमाशों ने 20 लाख रुपये लूट लिए और आराम से फरार हो गए। यह घटना शहर के व्यस्त इलाके में हुई, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि अपराधी बेखौफ हैं और सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
उन्होंने कहा, “व्यापारी असुरक्षित हैं, अपराधी निर्भीक हैं और सरकार पूरी तरह विफल है। सुविधा देना तो दूर, BJP की सरकार नागरिकों को सुरक्षा तक नहीं दे पा रही है।”
सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग
टीएस सिंहदेव ने इस मामले में तत्काल जांच कराने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने पीड़ित व्यापारी को तुरंत न्याय दिलाने की अपील की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



