
Raipur : दोपहिया वाहन में लिफ्ट देकर 1 लाख की चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायपुर के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहन में लिफ्ट देकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी को भरोसे में लेकर उसके थैले में रखी नगदी व जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गया था।

कैसे हुई चोरी की वारदात
प्रार्थी राजाराम देवांगन ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जनवरी 2026 को वह अपनी भांजी के घर करन नगर डी.डी. नगर से पैदल रायपुरा जा रहा था। रास्ते में उसने एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार से लिफ्ट मांगी और उसके साथ बैठ गया।
चंगोराभाठा स्थित डॉ. नीरज क्लिनिक के पीछे एक किराना दुकान पर पहुंचकर आरोपी ने गुटखा लेने के बहाने प्रार्थी को दुकान पर भेजा और थैला मोटरसाइकिल में रखने को कहा। थैले में 1,00,000 रुपये नगद, जमीन से संबंधित दस्तावेज, अस्पताल के कागजात और दवाइयां थीं। जैसे ही प्रार्थी दुकान पर गया, आरोपी मोटरसाइकिल सहित थैला लेकर फरार हो गया।
पुलिस जांच और कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 34/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान आरोपी की पहचान डी.डी. नगर निवासी शंकर देवांगन के रूप में हुई।

आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपी शंकर देवांगन को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 95,000 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
शंकर देवांगन, पिता छबिराम देवांगन, उम्र 30 वर्ष।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



