
18 सितंबर से शुरु होगी Rajim-Raipur रेल सेवा, CM करेंगे शुभारंभ
गरियाबंद जिले और आसपास के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद राजिम-रायपुर रेल सेवा अब 18 सितंबर से शुरू होने जा रही है। इस नई रेल सेवा का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे राजिम रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहेंगे।

तैयारियों का जायजा
शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर सोमवार को रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद राजिम रेलवे स्टेशन पहुंचे और सभी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग व्यवस्था, स्टेज, बैठने की सुविधा एवं एलईडी वॉल लगाने जैसे इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को रेलवे शिष्टाचार का पालन करने और आगंतुकों के स्वागत हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी, इंजीनियर, सुपरवाइज़र, निरीक्षक और स्टेशन प्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

रेल सेवा से होंगे बड़े फायदे
- इस रेल सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया जा रहा है।
- यह रेल सेवा छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल राजिम को सीधे ब्रॉड गेज नेटवर्क से जोड़ेगी।
- यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।
- धार्मिक पर्यटन, कृषि और व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी।
- स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और नए रोजगार अवसर प्राप्त होंगे।
राजिम, जिसे “छत्तीसगढ़ का प्रयागराज” भी कहा जाता है, अब सीधी रेल सुविधा से राजधानी रायपुर सहित कई प्रमुख शहरों से जुड़ जाएगा। इससे न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



