
Surajpur : 14 दिन के बच्चे की टीका लगने के बाद मौत
सूरजपुर जिले के केवरा गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण के दौरान दर्दनाक घटना सामने आई है। 14 दिन के एक नवजात बच्चे की वैक्सीन लगने के कुछ ही देर बाद मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि टीका लगते ही बच्चे की हालत अचानक खराब होने लगी। उसके मुंह और कान से खून निकलना शुरू हो गया, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप: टीका लगते ही बिगड़ी तबीयत
परिजनों ने बताया कि नवजात को बुधवार सुबह उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां नियमित टीकाकरण के तहत वैक्सीन दी गई। वैक्सीन लगने के बाद बच्चे का शरीर ठंडा पड़ने लगा और खून निकलने लगा। परिजनों ने तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी।
जिला अस्पताल का बयान: टीका से मौत की बात गलत
घटना के बाद जिला अस्पताल प्रबंधन ने टीका लगने से बच्चे की मौत होने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि बच्चे की वास्तविक मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा कारण स्पष्ट
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत वैक्सीन की प्रतिक्रिया से हुई या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से।
परिजनों में आक्रोश, जांच की मांग
घटना से गांव में आक्रोश फैल गया है। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि टीकाकरण केंद्र में लापरवाही की जांच होनी चाहिए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



