
Korba: रामपुर–जोगीपाली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 13 वर्षीय छात्र की मौत
मेला देखकर लौटते समय दो बाइकों की भिड़ंत
कोरबा। रामपुर–जोगीपाली मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 13 वर्षीय छात्र बिरेंद्र कुमार मांझी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोस्तों के साथ मेला देखने गया था छात्र
मृतक बिरेंद्र कुमार मांझी रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना अंतर्गत ग्राम नहरपाली का निवासी था और स्थानीय विद्यालय में कक्षा छठवीं में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि बिरेंद्र अपने दोस्तों के साथ रामपुर मेला देखने आया था। मेला देखकर लौटते समय रात में वह अपने नाना के घर, ग्राम जोगीपाली जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

दो बाइकों की टक्कर में गई जान
रामपुर–जोगीपाली मार्ग पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें बिरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौता पुत्र था बिरेंद्र
परिजनों के अनुसार, बिरेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



