
मानसिक तनाव से जूझ रही 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
अर्धवार्षिक परीक्षा के खराब परिणामों से थी परेशान, परपा थाना क्षेत्र का मामला
बस्तर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा अर्धवार्षिक परीक्षा में कुछ विषयों के ठीक नहीं जाने के कारण मानसिक तनाव में थी। यह मामला परपा थाना क्षेत्र का है।
परीक्षा के दबाव में थी छात्रा
मृतक छात्रा की पहचान साधना पटेल (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम घाटपदमुर भाटीगुड़ा की रहने वाली थी। वह 12वीं साइंस की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उसकी अर्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही थीं, जिनमें कुछ विषयों के पेपर खराब हो जाने से वह काफी परेशान रहने लगी थी।

परिजनों से भी साझा किया था तनाव
छात्रा ने अपने मानसिक तनाव की बात परिजनों को भी बताई थी। 17 दिसंबर को परीक्षा समाप्त होने के बाद से वह लगातार तनाव में थी और खुद को संभाल नहीं पा रही थी।
घर में अकेलेपन के दौरान उठाया कदम
जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले जब परिजन घर पर मौजूद नहीं थे, उसी दौरान साधना ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने उसे फंदे से लटका देखा।
अस्पताल में मृत घोषित
घबराए परिजन तत्काल छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



