
Janjgir-Champa : 12वीं के छात्र की आत्महत्या से हड़कंप, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। आरसमेटा गांव निवासी 12वीं के छात्र कमलेश जायसवाल (18) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र ने चार पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने एक साल से डिप्रेशन में होने और न्याय न मिलने की बात लिखी है।

सोमवार सुबह कमरे में मिला शव
परिजनों के अनुसार, कमलेश रविवार रात अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर कमलेश फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

सुसाइड नोट में प्रिंसिपल और टीचर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतक छात्र ने अपने सुसाइड नोट में स्कूल के प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। कमलेश ने लिखा है कि उसकी बात कभी नहीं सुनी गई और बिना जांच के हमेशा उसे ही दोषी ठहराया गया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला
सुसाइड नोट के अनुसार, 10वीं कक्षा के दौरान एक जूनियर छात्रा ने इंस्टाग्राम पर उससे बातचीत शुरू की और पैसे व मोबाइल रिचार्ज की मांग करने लगी। बाद में उसी छात्रा ने एक सीनियर छात्र धनराज साहू को संदेश भेजकर झूठा आरोप लगाया कि कमलेश उसे परेशान कर रहा है। इसके बाद सीनियर ने स्कूल के बाहर कमलेश से मारपीट की।
प्राचार्य के सामने भी नहीं सुनी गई बात
कमलेश ने लिखा कि उसे और छात्रा को प्राचार्य के कार्यालय बुलाया गया, लेकिन बिना उसकी बात सुने पूरी गलती उसी पर मढ़ दी गई। उसके पास सबूत होने के बावजूद प्राचार्य ने देखने से इनकार कर दिया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया।

बार-बार प्रताड़ना से बढ़ता गया अवसाद
छात्र ने आगे बताया कि 11वीं कक्षा तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन परीक्षा से पहले एक अन्य छात्रा द्वारा चरित्र पर आरोप लगाए गए। परिजनों को बुलाया गया, फोन में सबूत होने के बावजूद फिर उसकी बात नहीं मानी गई। लगातार अपमान और आरोपों के कारण वह गहरे अवसाद में चला गया।
“मुझे न्याय नहीं मिला, मरने के बाद मिलेगा” – सुसाइड नोट
सुसाइड नोट में कमलेश ने लिखा है कि वह एक साल से डिप्रेशन में था और उसे कहीं से न्याय नहीं मिला। उसने यह भी लिखा कि उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों को कभी माफी नहीं मिलनी चाहिए।

परिजनों का चक्काजाम,ख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



