
दुर्ग में सड़क सुरक्षा माह 2026: 20 स्कूलों के 10 हजार छात्रों को मिला यातायात प्रशिक्षण
दुर्ग। सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विगत 8 दिनों के भीतर जिले के 20 स्कूलों में यातायात नियमों को लेकर विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लगभग 10 हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

1 से 31 जनवरी तक चल रहा सड़क सुरक्षा माह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक “सड़क सुरक्षा माह 2026” का आयोजन जिला स्तर पर किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को सुरक्षित परिवहन के प्रति जागरूक करना है।

छात्रों को बताए गए यातायात नियम और सुरक्षा उपाय
कार्यक्रमों के दौरान छात्रों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें हेलमेट और सीट बेल्ट का महत्व, सुरक्षित पैदल चलने के नियम, साइकिल व दोपहिया वाहन चलाते समय सावधानियां, ट्रैफिक सिग्नल और सड़क चिन्हों की पहचान जैसे विषय शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि कम उम्र से ही नियमों का पालन करने की आदत भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक होगी।
परिवार और समाज को जागरूक करने की अपील
यातायात पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। बच्चों को “सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक” के रूप में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

स्कूल प्रबंधन को सख्त निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान यातायात अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी नाबालिक छात्र बिना लाइसेंस और हेलमेट के वाहन लेकर स्कूल न आए। ऐसे मामलों में संबंधित बच्चों की सूची तैयार कर उनके अभिभावकों को विद्यालय बुलाकर आवश्यक समझाइश देने के निर्देश भी दिए गए।
जिले के सभी स्कूलों तक पहुंचेगा अभियान
यातायात पुलिस दुर्ग ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान यह अभियान जिले के सभी स्कूलों तक चरणबद्ध रूप से पहुंचाया जाएगा। उद्देश्य है कि विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को जागरूक कर जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



