
मोहला में 1.49 करोड़ की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी का खुलासा
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर ठगी, उत्तराखंड-गुजरात से 6 आरोपी गिरफ्तार
मोहला। शेयर ट्रेडिंग में ऊंचे मुनाफे का लालच देकर 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया है। तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उत्तराखंड और गुजरात में दबिश देकर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है।
निवेश के नाम पर झांसा, डेढ़ करोड़ से अधिक की ठगी
अंबागढ़ चौकी निवासी प्रार्थी कुनाल अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल नंबरों के माध्यम से संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक लाभ का आश्वासन दिया। आरोपितों ने विश्वास में लेकर प्रार्थी से Punjab National Bank और HDFC Bank के खातों से कुल 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।

रकम पांच खातों में डालकर एटीएम से निकासी
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम पहले पांच अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई। इसके बाद रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर चेक और एटीएम के माध्यम से निकाला गया। साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक की।
लोकेशन के दौरान आरोपितों की मौजूदगी Rudrapur, Ahmedabad, Rajkot और Surat में मिली। इसके बाद दो विशेष पुलिस टीमों को रवाना कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
छह आरोपी गिरफ्तार, बैंक दस्तावेज और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बेंगलुरु से मनोज कुमारजी, उत्तराखंड से सनातन मंडल व योगेंद्र सिंह (निवासी दिनेशपुर), तथा गुजरात निवासी युसुफ संधवानी, राहुल गुप्ता और गौतम भाई बागड़ा को गिरफ्तार किया।
आरोपितों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, सात मोबाइल फोन और दस सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह संगठित तरीके से बैंक खातों का उपयोग कर ठगी की रकम का लेन-देन करता था।
नेपाल कनेक्शन की जांच जारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों के संपर्क Kathmandu (नेपाल) के कुछ व्यक्तियों से होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब गिरोह की कार्यप्रणाली, धन प्रवाह की पूरी श्रृंखला और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



