
रायपुर–जबलपुर इंटरसिटी अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’, 17 जनवरी से नए नाम से चलेगी ट्रेन
डोंगरगढ़। जबलपुर से रायपुर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का नाम बदल दिया गया है। अब यह ट्रेन ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ के नाम से जानी जाएगी। रेलवे ने ट्रेन के सभी कोच पर नया नाम अंकित कर दिया है और 17 जनवरी 2026 को यह ट्रेन पहली बार नए नाम से जबलपुर से रवाना होगी।
डोंगरगढ़ में होगा भव्य स्वागत
मूकमाटी एक्सप्रेस 17 जनवरी को रायपुर जाते समय सुबह 11:30 बजे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर जैन समाज सहित शहर के बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचकर ट्रेन का स्वागत करेंगे।

आचार्य विद्यासागर महाराज को समर्पित नामकरण
ट्रेन का नामकरण जैन संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ ‘मूकमाटी’ के नाम पर किया गया है। यह फैसला संत विद्यासागर महाराज के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक माना जा रहा है।
डोंगरगढ़ से जुड़ा है गहरा आध्यात्मिक संबंध
डोंगरगढ़ के चंद्रगिरि दिगंबर जैन तीर्थ से आचार्य विद्यासागर महाराज का विशेष संबंध रहा है। यहीं उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे और जैन परंपरा के अनुसार सल्लेखना साधना के बाद देह त्याग किया था। इसी कारण चंद्रगिरि तीर्थ आज जैन समाज के लिए अत्यंत पवित्र स्थल बन चुका है।
जैन समाज की अपील
दिगंबर जैन चंद्रगिरि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष सेठ सिंघई किशोर जैन ने बताया कि यह नामकरण संत विद्यासागर महाराज के विचारों और योगदान को सम्मान देने के लिए किया गया है। उन्होंने सभी समाज के लोगों से इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने की अपील की है।मूकमाटी एक्सप्रेस का डोंगरगढ़ आगमन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान भी और अधिक मजबूत होगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



